bareillylive@bareillynews:प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया शुभारंभ, शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
बरेली। भारतीय जनता पार्टी बरेली महानगर की ओर से गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिलक इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की और तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ता देशभक्ति के गीत गाते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष कर रहे थे। यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने बरेली के नागरिकों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेना चाहिए।
शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि
तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कमिश्नरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान को याद किया गया।

यात्रा को सफल और भव्य बनाने के लिए भाजपा महानगर संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहभागिता और नागरिकों के उत्साह ने तिरंगा यात्रा को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महानगर मंत्री विष्णु शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक और सांसद भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भारत माता की जय। वंदे मातरम्।






Leave a Reply