bareillylive:bareillynews:गोद में मासूम का शव, मां की चीखों से गूंजा ज़िला अस्पताल, वायरल वीडियो से उठे सवाल
बरेली। ज़िला अस्पताल से सामने आए एक भावुक वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक मां अपनी मासूम बेटी परी का शव गोद में लेकर बिलखती नजर आ रही है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण बच्ची की जान चली गई। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं
और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
परिजनों के अनुसार मृत बच्ची के पिता का नाम रामेश्वर दयाल है। उनका आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से बच्ची की मौत हुई।
वहीं अस्पताल प्रशासन ने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है।
एडीएसआईसी रमेश चंद्र दीक्षित ने बताया कि बच्ची छत से सिर के बल गिर गई थी,
जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। पहले उसका उपचार एक निजी अस्पताल में हुआ, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिजन उसे बाद में ज़िला अस्पताल लेकर आए।
उनके अनुसार अस्पताल में तत्काल इलाज शुरू किया गया और गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था, लेकिन परिजन बच्ची को वहां नहीं ले गए।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव वाहन से घर भेजे जाने के दौरान बनाया गया वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
फिलहाल परिजनों और अस्पताल प्रशासन के दावों में विरोधाभास है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






Leave a Reply