Bareillylive : मानव सेवा क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रतिष्ठित सीमा स्मृति साहित्य सम्मान एवं विमोचन समारोह का आयोजन इस वर्ष भी 14 अप्रैल, मंगलवार को किया जाएगा। इस संबंध में रविवार को क्लब के कहरवान स्थित कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न अहम निर्णय लिए गए।
क्लब के महासचिव प्रदीप माधवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह पिछले 18 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष की तरह इस बार भी इसे भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘विविध संवाद’ के नारी विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा, जो महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके योगदान को समर्पित होगा।
समारोह में बरेली की जानी-मानी साहित्यकार और कवयित्री डॉ. निशा शर्मा को शिक्षा क्षेत्र मे उनके योगदान, कवयित्री उन्नति राधा शर्मा को उनके साहित्यिक योगदान तथा ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़ी बरेली सेंटर संचालिका बीके पारुल को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बदायूं की प्रसिद्ध कवयित्री डॉ. मेघा अग्रवाल और पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार भी उपस्थित रहेंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता मशहूर शायर प्रो. वसीम बरेलवी करेंगे।
इसके अतिरिक्त कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, श्रुति गंगवार, नवगीतकार रमेश गौतम और डॉ. मोनिका अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए दो अतिजरूरतमंद कन्याओं को वैवाहिक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में नारी उत्थान विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके सशक्तिकरण पर चर्चा की जाएगी। यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को सायं 6 बजे से रोटरी भवन में आयोजित होगा।
बैठक में क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें राजेश सक्सेना, अरुणा सिन्हा, अखिलेश कुमार, अनिल सक्सेना, सुनील शर्मा, इं. डी.डी. शर्मा, शशि बाला, जितेंद्र सक्सेना, रश्मि, सत्येंद्र सक्सेना, शुकुन सक्सेना, प्रकाश चंद्र, प्रीति सक्सेना, सुधीर मोहन और इं. के.बी. अग्रवाल शामिल रहे। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव और सहयोग देने का आश्वासन दिया।






Leave a Reply