The Voice of Bareilly since 2010

सीएम योगी से मिले कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

सीएम योगी से मिले कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

bareillylive@bareillynews:बरेली। कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक परिस्थितियों को लेकर सकारात्मक चर्चा की।

विधायक संजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को कैंट विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और जनता की समस्याओं व अपेक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के साथ ही बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने विधायक को जनता से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें।

भेंट के बाद संजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास को नई गति मिली है। कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!