The Voice of Bareilly since 2010

सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित पथराव का विरोध, कार्रवाई की मांग

सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित

चार सूत्रीय मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

बरेली@bareillylive:बरेली। गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं, बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित पथराव, पंचायत सहायकों की मांगों, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

जिलाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी ने बाराबंकी की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा में मृतक के परिजनों से मिलने जा रहे थे, इसी दौरान बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने उनके काफिले को रोका। इसके बाद काफिले पर पथराव और वाहनों को क्षति पहुंचने के आरोप सामने आए।

पार्टी ने मांग की कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा घटना के दौरान पुलिस की भूमिका की भी जांच की जाए। इसके साथ ही सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा का तत्काल थ्रेट असेसमेंट कर आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई। ऐसी ही मांगों को लेकर अन्य स्थानों पर भी आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिए हैं।

पंचायत सहायकों की मांगों के समाधान की मांग

ज्ञापन में लखनऊ में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की मांगों का समाधान कराने की मांग भी शामिल रही। पार्टी ने कहा कि संबंधित मांगों पर सरकार को समयबद्ध तरीके से निर्णय लेना चाहिए।

68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का मुद्दा

आजाद समाज पार्टी ने 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के आरक्षण संबंधी प्रकरण में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों के अनुपालन की मांग की। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, आयोग ने 2018 की इस भर्ती में ओबीसी अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत अर्हता छूट देने और परिणाम संशोधित करने की संस्तुति की है।

पार्टी ने धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सभी प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए कहा कि संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

ज्ञापन के दौरान अतुल बाल्मीकि, असलम मंसूरी, अच्छन अंसारी एडवोकेट, खुर्शीद, नवल किशोर, मनोज सागर, ब्रह्मस्वरूप सागर, अमर सिंह एडवोकेट, संजय दत्त, प्रमोद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!