bareillylive@bareillynews:गड्ढों में तब्दील हुआ मीरापुर रोड, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। सरकारी योजनाओं के तहत गांवों और कस्बों को बेहतर सड़कों से जोड़ने के दावे किए जाते हैं, लेकिन फतेहगंज पश्चिमी में बीडीओ कार्यालय से रहपुरा अंडरपास तक करीब 400 मीटर लंबा मीरापुर रोड इन दावों की हकीकत बयां कर रहा है। सड़क लंबे समय से जर्जर है और बरसात में हालात और खराब हो गए हैं। शिकायत किए जाने के करीब छह महीने बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
बीडीओ कार्यालय के मुख्य गेट से रहपुरा अंडरपास तक जाने वाली सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का गंदा पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। पानी भरे होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि चारपहिया और भारी वाहन कीचड़ व पानी में फंस जाते हैं।
छह महीने से विभागों के बीच घूम रही शिकायत
कस्बा निवासी छात्र असद अंसारी ने जनहित में मुख्यमंत्री पोर्टल पर 24 फरवरी 2026 को सड़क की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत शुरुआत में लोक निर्माण विभाग से संबंधित बताई गई, लेकिन बाद में इसे पंचायती राज विभाग को स्थानांतरित कर दिया गया। विभागीय जिम्मेदारी के फेर में शिकायत आगे बढ़ती रही, लेकिन सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पोर्टल पर दर्ज जानकारी के अनुसार मामले को 28 अगस्त 2026 को आगे बढ़ाते हुए निस्तारण की अंतिम तिथि 12 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। फिलहाल शिकायत सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) बहेड़ी के पास लंबित बताई जा रही है।
कई गांवों को कस्बे से जोड़ता है मार्ग
मीरापुर रोड मीरापुर, रहपुरा, भोलापुर और खिलचीपुर समेत कई गांवों को फतेहगंज पश्चिमी कस्बे से जोड़ता है। इस मार्ग पर दिनभर दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
मीरापुर निवासी व्यापारी मयंक गंगवार ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि यह कहना मुश्किल है कि सड़क गड्ढों में है या गड्ढों में सड़क। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बरसात में हादसों का खतरा कम हो सके।






Leave a Reply