bareillylive@bareillynews:बिशारतगंज, बरेली। थाना क्षेत्र के गांव फतेहगंज के पास रविवार सुबह अरिल नदी में एक युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने गांव के पास अरिल नदी में एक युवक का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल बिशारतगंज पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। इस दौरान हल्का लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोहित पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई अजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि रोहित 25 अगस्त की सुबह से लापता था। वह मानसिक रूप से कमजोर था। काफी तलाश करने के बाद भी जब रोहित का पता नहीं चला तो परिजनों ने बिशारतगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रविवार सुबह अरिल नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहित के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाया। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
युवक का शव मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






Leave a Reply