The Voice of Bareilly since 2010

नाली निर्माण से पहले अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच की मांग, नगर आयुक्त और मेयर को सौंपा ज्ञापन

bareillylive@bareillynews:शिकायत के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर किया निरीक्षण, कथित अतिक्रमण वाले मकानों पर लगाए निशान

बरेली। एकता नगर स्थित मोहन आई हॉस्पिटल के पास प्रस्तावित नाली निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में शिकायतकर्ता आशीष जौहरी ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम को ज्ञापन सौंपकर सड़क की निर्धारित चौड़ाई की जांच कराने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित मार्ग की स्वीकृत चौड़ाई अभिलेखों और स्वीकृत नक्शे के अनुसार करीब 9 मीटर है। आरोप है कि सड़क के एक ओर कुछ मकानों के आगे निर्माण अथवा अन्य तरह का विस्तार कर सड़क की भूमि पर कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। शिकायतकर्ता ने मांग की कि नाली निर्माण से पहले सड़क की वास्तविक चौड़ाई की पैमाइश कराई जाए और यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे नियमानुसार हटाया जाए।

शिकायत में पवन अस्पताल के सामने और उसके आसपास अस्पताल की ओर से किए गए बताए जा रहे कथित अतिक्रमण की भी जांच कराने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की निर्धारित चौड़ाई सुरक्षित रखने के बाद ही नाली निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में आवागमन की समस्या न हो।

ज्ञापन सौंपे जाने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण और जांच-पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान कथित रूप से अतिक्रमण वाले मकानों के आगे निशान लगाए गए। इसके अलावा पवन अस्पताल के दोनों ओर भी बताए जा रहे अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए निशान लगाए गए। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर आगे होने वाली कार्रवाई पर है।

शिकायतकर्ता आशीष जौहरी ने कहा कि यदि अतिक्रमण की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए बिना नाली का निर्माण कराया जाता है तो सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो सकती है। इससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नाली निर्माण से पहले निष्पक्ष जांच, पैमाइश और नियमानुसार कार्रवाई की मांग दोहराई।

ज्ञापन देने वालों में राजीव कुमार अग्रवाल, ममता बंसल, श्रीया भट्ट, बबली भट्ट, सविता, बंटी मेहरोत्रा, वैशाली, हर्ष, मनोज कुमार, श्रेय, सपना सहित अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!