The Voice of Bareilly since 2010

मनौना धाम में जेबकतरे को श्रद्धालुओं ने दबोचा, पुलिस ने 7 हजार रुपये बरामद कर भेजा जेल


bareillylive@bareillynews:सावन में उमड़ी भीड़ के बीच वारदात, पुलिस की सतर्कता और श्रद्धालुओं की सूझबूझ से आरोपी गिरफ्तार

आंवला, बरेली। सावन माह में मनौना धाम मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जेबकटी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में थाना आंवला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर जेबकतरे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 7 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार फतेहपुर जनपद के अय्यागांव थाना क्षेत्र के ग्राम इसातपुर निवासी मोहन लाल गुप्ता अपने परिवार के साथ मनौना धाम दर्शन करने आए थे। आरती के दौरान मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने उनकी पैंट की पिछली जेब से 7 हजार रुपये निकाल लिए।

जेब कटने का एहसास होते ही मोहन लाल गुप्ता और उनके पुत्र दीपक गुप्ता ने आरोपी का पीछा किया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में चोरी की पूरी रकम बरामद हो गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद पुत्र जयपाल, निवासी ग्राम जरौठी, थाना देहात, जनपद हापुड़ बताया। पुलिस के अनुसार मनौना धाम और आसपास के मंदिरों में जेबकटी व मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

थाना आंवला पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ऋषिपाल सिंह कर रहे हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, उपनिरीक्षक बेगराम सिंह तथा आरक्षी प्रिंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!