bareillylive@bareillynews: निर्माण गुणवत्ता पर विशेष जोर, मंदिर परिसर की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
मंडलायुक्त शंभू कुमार ने शुक्रवार को नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को नवंबर तक सभी अधूरे कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अलखनाथ मंदिर में निर्माणाधीन यात्री विश्रामगृह का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल (UPPCL) के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
उन्होंने पर्यटन अधिकारी को भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित कार्ययोजना समय-समय पर प्रस्तुत की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही मंदिरों के प्रवेश द्वारों को आकर्षक स्वरूप दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं पर्यटन अनुभव मिल सके। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के लिए निर्माणाधीन धर्मशाला को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में बन रही फोकस वॉल का भी जायजा लिया और संबंधित कार्यदायी संस्था को इसका निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के हों, ताकि उनकी मजबूती और उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे।
निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त शंभू कुमार ने त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।






Leave a Reply