bareillylive@bareillynews: सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी के दिए निर्देश
बरेली। जनपद में चल रहे तीन दिवसीय आला हज़रत उर्स का शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में समापन हो गया। उर्स में देश-विदेश से पहुंचे जायरीनों को समापन के बाद अपने गंतव्य तक लौटने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने संयुक्त रूप से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने इस दौरान आमजन एवं देश-विदेश से आए जायरीनों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पैदल गश्त के दौरान इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट, पटेल चौक सहित आसपास के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया गया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने को कहा।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जायरीनों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों की मौजूदगी से जायरीनों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स के दौरान जायरीनों एवं आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। अब उर्स के समापन के बाद जायरीनों को अपने घरों तक सुरक्षित एवं सुगमता से पहुंचाने के लिए भी प्रशासन और पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण एवं निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त में एसपी सिटी अंशिका वर्मा, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।






Leave a Reply