बरेली, 1 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता तथा नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य की उपस्थिति में शनिवार को तहसील नवाबगंज सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
समाधान दिवस में लोक निर्माण विभाग, राजस्व, आवास, सड़क, पेंशन और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम तुमड़िया के एक ग्रामीण ने सड़क निर्माण के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम चेना के दिव्यांग व्यक्ति की पेंशन संबंधी शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम खामपुर उर्फ गंगापुर की एक बालिका का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने तथा ग्राम गोशलपुर की निराश्रित वृद्ध महिला को आवास एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर पात्र लाभार्थी ममता देवी का राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उपजिलाधिकारी सचिन यादव, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार अभिषेक तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply