The Voice of Bareilly since 2010

11 हजार वोल्ट लाइन का किसानों ने किया विरोध, डीएम से खंभे हटाने और बिजली आपूर्ति रोकने की मांग

bareillylive@bareillynews:बरेली। सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम ऐना के दर्जनों किसानों ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का विरोध किया।

किसानों ने संयुक्त प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि उनकी सहमति के बिना निजी कृषि भूमि से हाईटेंशन लाइन निकाली जा रही है। उन्होंने लाइन का कार्य तत्काल रुकवाने, लगाए गए बिजली के खंभे हटवाने तथा ट्रांसफार्मर स्थापित न किए जाने की मांग की।

किसानों का कहना है कि उनकी निजी कृषि भूमि में बिना अनुमति 11 हजार वोल्ट की लाइन के लिए खंभे गाड़ दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने 4 अगस्त को थाना सीबीगंज में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद रात के समय बिजली के तार खींच दिए गए।

प्रार्थना पत्र में किसानों ने बताया कि ग्राम ऐना बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है और बरसात के दौरान अधिकांश कृषि भूमि जलमग्न रहती है। ऐसे में खेतों के बीच से हाईटेंशन लाइन गुजरने से हादसों की आशंका बढ़ गई है।

किसानों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पॉपलर और यूकेलिप्टस के ऊंचे पेड़ हैं। उनके अनुसार पेड़ों के बीच से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजरने पर शॉर्ट सर्किट, आग लगने और करंट फैलने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा, जिससे जान-माल की हानि हो सकती है।

ग्राम निवासी प्रीति ने आरोप लगाया कि उनके खेत के बीच से लाइन निकाली जा रही है। विरोध करने पर उनके पति को धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें जिलाधिकारी से शिकायत करनी पड़ी।

किसानों के अनुसार करीब 25 खेतों से होकर यह हाईटेंशन लाइन निकाली जा रही है। उनका आरोप है कि यह लाइन एक निजी ट्यूबवेल के लिए डाली जा रही है, जबकि इसका खामियाजा आसपास के किसानों को उठाना पड़ेगा।

किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विद्युत लाइन के खंभे और तार तत्काल हटवाए जाएं। साथ ही अधिशासी अभियंता को ट्रांसफार्मर स्थापित न करने और बिजली आपूर्ति शुरू न करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना और जनहानि से बचा जा सके।

प्रार्थना पत्र देने वालों में गुड्डू, कुंवर सेन, होरीलाल, छत्रपाल, राजेंद्र पाल, झंडूलाल, रामधुन, यादराम, सोमपाल, राकेश, गोविंद राम, सेवा राम, अजय, लीलाधर, देश दीपक, ठाकुरदास, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!