bareillylive@bareillynews:बरेली, 1 अगस्त। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवाबगंज तहसील स्थित उप मंडी परिसर में बनाए गए कांवड़ विलेज का शनिवार को विधायक डॉ. एम.पी. आर्य एवं जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और विश्राम को ध्यान में रखते हुए कांवड़ विलेज में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि परिसर में स्वागत द्वार, विश्राम गृह, पंचकर्म सुविधा, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, फलाहार, भंडारा, सेल्फी प्वाइंट, पुष्प वर्षा द्वार सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को घर जैसा वातावरण मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कांवड़ विलेज का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने इसे तहसील प्रशासन की अभिनव पहल बताते हुए इसकी सराहना की।
इसके बाद जिलाधिकारी ने डेलापीर मंडी परिसर स्थित श्री बाबा गोपेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए स्थापित आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनकल्याण और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, मंडी सचिव संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply