शील चौराहा से निकली भव्य विसर्जन यात्रा, रामगंगा में नम आंखों से दी गणपति बप्पा को विदाई
बरेली@bareillylive:बरेली। गणेश महोत्सव आयोजन प्रबंध समिति (रजि.) राजेंद्र नगर की ओर से वीर छत्रपति शिवाजी चौक (शील चौराहा) पर आयोजित ‘राजेंद्र नगर के राजा’ सात दिवसीय गणपति महोत्सव-2026 का रविवार को भव्य विसर्जन यात्रा के साथ समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को रामगंगा में विसर्जित कर भावपूर्ण विदाई दी।
विसर्जन यात्रा से पूर्व भगवान श्री गणेश का हवन-पूजन किया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य ने झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट ने नारियल फोड़कर विसर्जन यात्रा का शुभारंभ किया।
विसर्जन यात्रा में सबसे आगे हिंदुस्तान स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं का बैंड चल रहा था। इसके साथ ढोल, महिला कमेटी द्वारा भजन-कीर्तन और विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्री गणेश के सिंहासन के आगे बैंड-बाजे के बीच युवाओं ने होली खेली और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। विभिन्न मार्गों से भ्रमण करने के बाद भगवान गणेश का सिंहासन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, जहां आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने गोविंदा बनकर दही-हांडी फोड़ी, जिससे आयोजन में उत्साह और बढ़ गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को रामगंगा में विसर्जित कर विदाई दी।
विसर्जन यात्रा को भव्य बनाने में समिति के अध्यक्ष अभय भटनागर, गर्वित भटनागर, लक्ष्य भटनागर, श्रीमती शांता भटनागर, निशा शर्मा, श्रीमती स्वाति सक्सेना, अनुज माथुर, तरुण सक्सेना, अनमोल सक्सेना, आयुष रस्तोगी, पीयूष रस्तोगी सहित समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
समिति के अध्यक्ष अभय सिंह भटनागर ने बताया कि गणपति मंदिर, शील चौराहा पर शेष कार्यक्रम अनंत चतुर्दशी तक आयोजित किए जाएंगे।






Leave a Reply