गोपाष्टमी पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया हवन-यज्ञ, गौमाता को चारा खिलाकर की सेवा

bareillylive@गोपाष्टमी पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया हवन-यज्ञ

बरेली@bareillylive:बरेली। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को सिटी श्मशान भूमि के निकट स्थित बरेली गौशाला सोसायटी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैंट विधानसभा विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद उन्होंने महाआरती कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

हवन-यज्ञ के उपरांत कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार के साथ गौशाला पहुंचकर गौमाता को हरा चारा और चोकर खिलाया तथा गौसेवा की। इस अवसर पर उन्होंने गौमाता की रक्षा, सेवा और संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए समाज के लोगों से भी गौसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौमाता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सेवा और हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, प्रदीप कुमार अग्रवाल, संजय गर्ग, सुबोध अग्रवाल, डॉ. विनोद पगरानी, डॉ. विमल भारद्वाज, राजीव अग्रवाल (मिश्री वाले), अतुल अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, अनुपम कपूर और रोहित राकेश सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!