The Voice of Bareilly since 2010

नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की भव्य शोभायात्रा, बाबा मढ़ीनाथ मंदिर में हुआ विशाल रुद्राभिषेक

बरेलीलाइव@bareillynews: सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्ति में डूबा शहर, गंगाजल से किया भगवान शिव का अभिषेक

बरेली। सावन के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति के तत्वावधान में विशाल रुद्राभिषेक कार्यक्रम के चौथे चरण का आयोजन बाबा मढ़ीनाथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम से पहले सेठ गिरधारी लाल मंदिर, श्यामगंज से भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबा मढ़ीनाथ मंदिर पहुंची।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और लोककल्याण, सुख-शांति एवं पर्यावरण संरक्षण की कामना की। यात्रा से पूर्व समिति के महामंत्री आशुतोष अग्रवाल के निर्देशन में गणेश पूजन एवं नाथ नगरी चालीसा का पाठ कराया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को सातों नाथ मंदिरों के प्रति आस्था और सेवा का संकल्प दिलाया गया।

शोभायात्रा में सिंहासन पर विराजमान त्रिकालदर्शी स्वरूप में भगवान भोलेनाथ की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। डमरू दल, शंखनाद और भजनों के बीच “बम-बम भोले”, “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा सेठ गिरधारी लाल मंदिर से साहू गोपीनाथ, सिकलापुर, रोडवेज, सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर और चौपला रोड होते हुए बाबा मढ़ीनाथ मंदिर पहुंची। रास्ते में मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसायटी, मानव सेवा समिति, पटवा कल्याण समिति और हिंदू समाज कल्याण समिति ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

मंदिर पहुंचने के बाद पंडित आशुतोष शर्मा ने महामृत्युंजय मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया और शिवलिंग का भव्य श्रृंगार किया।

समिति के मीडिया प्रभारी मनोज देवल ने बताया कि कार्यक्रम के पांचवें चरण का आयोजन 10 अगस्त को बाबा तमेश्वरनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक के रूप में किया जाएगा।

इस अवसर पर ब्रजवासी लाल अग्रवाल, पवन कुमार सक्सेना, आशुतोष अग्रवाल, कपिल गुप्ता, जितेंद्र, सतीश अनुप अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, शोभित अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, धर्मार्थ सक्सेना, विवेक श्रीवास्तव, राकेश अग्रवाल, अनुराग शर्मा, लालमन दास, योगेश सक्सेना, अरविंद पांडेय, आशुतोष शर्मा, तुषार गुप्ता, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।

बरेलीलाइव@bareillylive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!