bareillylive@रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ, 11 किशोरियों को लगी वैक्सीन; 45.3% कवरेज के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर बरेली
बरेली। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल करते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को नियमित टीकाकरण (आरआई) कार्यक्रम में शामिल कर दिया है। मंगलवार को राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविर में 11 किशोरियों को वैक्सीन की खुराक दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अप्रैल से विशेष अभियान के रूप में चल रहा एचपीवी टीकाकरण अब नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बन गया है। अब प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों में पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मार्च से अब तक जिले में 14 वर्ष तक की 25,053 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। 55,336 के लक्ष्य के सापेक्ष 45.3 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश का औसत टीकाकरण कवरेज 27.7 प्रतिशत है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि भदपुरा, नवाबगंज, बहेड़ी, शेरगढ़ और बरेली अर्बन क्षेत्रों में टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं, नोडल अर्बन डॉ. अजमेर सिंह ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में छूटी हुई पात्र किशोरियों की पहचान कर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने 31 अगस्त तक 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र किशोरियों का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।






Leave a Reply