Bareillylive: मंगलवार 01/09/26 को मॉडल टाउन स्थित श्री हरी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह के सत्र में पंडित रमेश चंद्र तिवारी और सुनील शास्त्री द्वारा विधिपूर्वक श्री हनुमान जी की पूजा और श्रृंगार कराया गया, जिसमें दूर-दराज से आए भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना लेकर उपस्थित रहे।
शाम के सत्र में श्री हरी संकीर्तन मंडल ने झंकृत भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रवि छाबड़ा ने “दुःख भंजन मारुति नंदन” आदि भजन पेश किए, संजय आनंद ने “मंगल मूर्ति राम…” और पंकज, सचिन सेठी सहित अन्य गायकों ने लोकप्रिय भजनों से शोभा बढ़ाई। पूरे मंदिर प्रांगण में भक्ति-भाव का वातावरण रहा। कार्यक्रम के बाद उपस्थित भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती की भव्य परंपरा निभाई गई। शयन आरती के पश्चात भंडारे के रूप में प्रसादी वितरित की गई।
मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि यह सामूहिक हनुमान चालीसा और आरती पिछले कई वर्षों से यहां निरंतर आयोजित की जा रही है और सभी आयु वर्ग के लोग, विशेषकर युवा इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।
उन्होंने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, अतुल कपूर, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा, गिरीश आनंद तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महिला मंडल अपनी टीम के साथ मौजूद रही और युवा मंडल ने प्रसाद वितरण में सेवा दी।






Leave a Reply