The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र सावन के चारों सोमवार विद्यार्थियों का अवकाश, डीएम का आदेश जारी

bareillylive@bareillynews:बरेली, 1 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

जारी आदेश के अनुसार सावन माह के चारों सोमवार—3, 10, 17 और 24 अगस्त—को जिले के निर्धारित सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अपने संस्थानों में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का निर्वहन करना होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। सोमवार को जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

यह आदेश बरेली महानगर के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, जिनमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित संस्थान शामिल हैं, पर लागू होगा। इसके अलावा दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित महाविद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी एवं अन्य शिक्षण संस्थान भी आदेश के दायरे में रहेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व निर्धारित विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग की परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी तथा सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!