The Voice of Bareilly since 2010

श्रावण मास में विशाल भंडारा एवं कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, डीएम ने किया उद्घाटन


bareillylive@रामगंगा क्षेत्र और लाल फाटक स्थित परशुराम मंदिर के पास कांवड़ियों का स्वागत, सेवा और श्रद्धा का दिखा संगम

बरेली। श्रावण मास के पावन अवसर पर रामगंगा पुलिस चौकी के निकट रामगंगा क्षेत्र में विशाल भंडारा एवं कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अविनाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल तथा भाजपा आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अतिथियों ने भगवान शिव से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम एवं प्राथमिक चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजकों ने बताया कि सावन माह में शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है और इसी भावना से प्रत्येक वर्ष भंडारा एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सेवा कार्य समाज में भाईचारे, सहयोग और आस्था को सुदृढ़ करते हैं। स्थानीय लोगों ने भी आयोजन को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

वहीं, कांवड़ यात्रियों के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का शुभारंभ लाल फाटक के आगे स्थित परशुराम मंदिर के निकट किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!