Bareillylive : आज रामपुर में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में छात्रों के अधिकारों एवं उन पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस द्वारा विशाल प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी समाधि पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं माल्यार्पण के साथ हुई। गांधी जी की सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक संघर्ष की विचारधारा का अनुसरण करते हुए कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज़ बुलंद की।
इसके उपरांत भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब एवं उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इसके विरोध में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब एवं प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला सहित अनेक युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी गिरफ्तारी दी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों के साथ अन्याय और अत्याचार समाप्त नहीं होंगे तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार नहीं किए जाएंगे, तब तक भारतीय युवा कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस छात्रों की आवाज़ को दबने नहीं देगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि जब तक देश में छात्रों के साथ अन्याय होता रहेगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। आने वाले समय में भी भारतीय युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसी प्रकार के जनआंदोलन और प्रदर्शन आयोजित कर छात्रों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्सलान खान, जिला अध्यक्ष आरिफ अल्वी, शहर अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष यासिर खान, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व जिला अध्यक्ष नुमान खान, मेहरबान अली खान, प्रदेश उपाध्यक्ष अयान अली खान, अवनीत बसोया, शादाब अब्बासी, एहसान साहिल, अर्सल अहमद, फिरोज़ खान, मुश्ताक अली खान, रवि कुमार, मुख्तार सहित समस्त कांग्रेसजन एवं उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






Leave a Reply