4 सितंबर को जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन, 108 सात्विक व्यंजनों का लगेगा महाभोग; मथुरा-वृंदावन से आएंगे विशेष फूल
bareillylive@bareillynews:बरेली। थाना इज्जतनगर के मुंडिया अहमदनगर स्थित इस्कॉन (राधा वृंदावन चंद्र) मंदिर में आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भव्य और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों की जानकारी देने के लिए मंगलवार को मंदिर प्रांगण में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
मंदिर अध्यक्ष भीम अर्जुन दास ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ तड़के 4:30 बजे मंगला आरती के साथ होगा, जो देर रात 12:30 बजे तक चलेगा। इस वर्ष महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रात 10 से 12 बजे के बीच 108 पवित्र कलशों से भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य महाभिषेक रहेगा।
उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण को 108 प्रकार के शुद्ध एवं सात्विक व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। इसके अलावा ठाकुरजी के अलौकिक फूल बंगला दर्शन और मंदिर की भव्य सजावट के लिए मथुरा-वृंदावन, दिल्ली और कोलकाता से विशेष रूप से रंग-बिरंगे ताजे फूल मंगाए जा रहे हैं।
जन्माष्टमी महोत्सव में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बनाए रखने के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर समिति के अनुसार इस भव्य आयोजन में करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क विशाल महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ इस्कॉन के 100 से अधिक प्रशिक्षित स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान गजेंद्र नाथ दास, दीन आश्रय गौड़ दास, वनमाली श्याम, राममोहन दास, सत्य-स्वरूप चेतन्य दास और रघुनाथ दास जी महाराज सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply