बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में श्रावण मास के पावन अवसर पर शिशु वाटिका के निर्देशन में कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से ओतप्रोत यात्रा में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों और अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कांवड़ यात्रा के दौरान भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता की। यात्रा पूर्ण होने के बाद विद्यालय परिसर में विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, अनुशासन, सेवा और सामाजिक एकता की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सनातन परंपराओं और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति महानगर संयोजिका सुरुचि जायसवाल समेत बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। आचार्यों ने यात्रा को व्यवस्थित और सफल बनाने में सहयोग किया। विद्यार्थियों में कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर शिशु वाटिका प्रभारी नीलम मिश्रा, प्रियंका यादव, जूही, पूनम, चांदनी, किरण राय और साधना समेत अन्य आचार्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Leave a Reply