खुर्जा की क्रॉकरी से कश्मीर की शॉल तक मिलेंगे खास उत्पाद, विधायक संजीव अग्रवाल करेंगे उद्घाटन; प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
बरेली@bareillylive:बरेली। शहरवासियों को देशभर के पारंपरिक हस्तशिल्प, खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से पी0एम0 श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 18 से 27 नवंबर तक मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी ‘खादी एवं स्वावलम्बन उत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय उत्सव का उद्घाटन 18 नवंबर को अपराह्न दो बजे कैंट विधायक संजीव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
देशभर के पारंपरिक उत्पाद होंगे आकर्षण
प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ देश के कई राज्यों की इकाइयां अपने उत्पादों के स्टॉल लगाएंगी। यहां बुलंदशहर के खुर्जा की प्रसिद्ध क्रॉकरी, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, कानपुर के लेदर उत्पाद, वाराणसी की साड़ियां और कश्मीर की शॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके अलावा बरेली के जरी एवं फर्नीचर उत्पाद, रामपुर का शहद, भदोही के कालीन और राजस्थान के बीकानेर की भुजिया भी उपलब्ध होगी। पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की इकाइयां भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
हस्तशिल्प से लेकर रेडीमेड कपड़ों तक की खरीदारी
उत्सव में हस्तशिल्प, सूती, ऊनी और रेशमी वस्त्रों के साथ पर्दे, माटीकला उत्पाद, खिलौने, मूर्तियां और रेडीमेड गारमेंट्स भी उपलब्ध रहेंगे। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर देश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पादों को देखने तथा खरीदने का अवसर मिलेगा।
लोक संस्कृति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम
दस दिवसीय आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोकनृत्य, गायन, लोकगीत, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।
उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि उत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।


Leave a Reply