The Voice of Bareilly since 2010

कृष्ण जन्मोत्सव की शोभायात्रा 5 सितंबर को, नगर निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

कृष्ण जन्मोत्सव की शोभायात्रा 5 सितंबर को, नगर निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

bareillylive@bareillynews:बरेली, 2 सितंबर। चंद्रनगर धार्मिक समिति, पुराना शहर, बरेली के तत्वावधान में श्री सीताराम मंदिर, कटरा चांद खां स्थित चंद्रनगर से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 137वीं भव्य शोभायात्रा 5 सितंबर को निकाली जाएगी। मंदिर समिति ने शोभायात्रा को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं, लेकिन नगर निगम और विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर समिति ने चिंता जताई है।

समिति के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता दिनेश दद्दा एडवोकेट ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में पत्र सौंपे गए थे। इसके बावजूद अभी तक कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, सड़कों के गड्ढे और डिप ठीक नहीं किए गए हैं। समिति का कहना है कि इन खामियों के कारण शोभायात्रा के दौरान व्यवधान उत्पन्न हो सकता है।

उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा शोभायात्रा मार्ग का सर्वे कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की जा चुकी है।

दिनेश दद्दा ने नगर निगम प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा निर्विघ्न और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि समय रहते व्यवस्थाएं ठीक नहीं होने पर किसी भी व्यवधान की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!