bareillylive@bareillynews:चौथी मंजिल पर एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, धुआं उठते ही खाली कराए गए वार्ड; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
बरेली। कर्मचारी नगर स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल की चौथी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चारों तरफ धुआं फैल गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में अस्पताल के सभी वार्ड खाली कराए गए और मरीजों को बाहर निकाला गया।
एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर में स्थित नवोदय अस्पताल में शाम को अचानक चौथी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
धुआं उठते ही अस्पताल प्रबंधन ने आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी। स्टाफ ने मरीजों को वार्डों से बाहर निकालना शुरू किया। गंभीर मरीजों को भी कर्मचारियों और तीमारदारों की मदद से सुरक्षित बाहर पहुंचाया गया।
फुटपाथ पर लिटाए गए मरीज
अस्पताल से बाहर निकाले गए मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान कुछ गंभीर मरीजों को सड़क किनारे फुटपाथ पर लिटाना पड़ा। अपने मरीजों को लेकर तीमारदार भी परेशान दिखाई दिए। हालांकि समय रहते मरीजों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
अस्पताल के बाहर जुटी भीड़, मिनी बाईपास पर लगा जाम
आग की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ने से मिनी बाईपास रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। काफी देर तक वाहन जाम में फंसे रहे।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से अस्पताल में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन संबंधित अधिकारियों की ओर से किया जा रहा है।






Leave a Reply