The Voice of Bareilly since 2010

सांसद-विधायक के डीआरएम को सख्त निर्देश, शहर की अंडरपास परियोजनाएं समय से हों पूर्ण

Bareillylive : रेलवे प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर में सांसद छत्रपालंगवार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने आज डीआरएम बीना सिन्हा के साथ बैठक कर शहर से जुड़े रेलवे विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बरेली के विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में सबसे अधिक चिंता सिटी श्मशान भूमि के अंडरपास के निर्माण की देरी को लेकर दिखाई दी। सांसद छत्रपाल ने सख्त लहजे में कहा कि श्मशान भूमि अंडरपास को शीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाए और इसके लिए आवश्यक संसाधन तथा कार्यनीति तुरंत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंडरपास शहर के पूर्व हिस्से में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा और प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत पहुँचेगी। वहीं विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि काम की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दोनों प्रतिनिधियों ने मढ़ीनाथ और सुभाषनगर अंडरपास परियोजनाओं के निर्माण में भी गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीआरएम को कहा कि इस माह के भीतर रेलवे (एन.आर.), नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (एन.ई.आर.) और प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाकर रास्ता साफ किया जाए और शिड्यूल तय किया जाए ताकि देरी का कारण खोजकर उसे दूर किया जा सके। बैठक में विभागीय अधिकारियों को ठोस समयसीमा देने का भी निर्देश मिला।

डीआरएम बीना सिन्हा ने सांसद और विधायक की नाराजगी को गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि उठाई गई सभी समस्याओं का जल्द निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक होगा वहां अतिरिक्त इंजीनियरिंग व मानव संसाधन तैनात किए जाएंगे तथा आपूर्ति श्रृंखला में बाधा हो तो उसे समय पर हल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाएगी और नियमित प्रगति रिपोर्ट सांसद व विधायक को दी जाएगी।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी इन परियोजनाओं की शीघ्रता से पूर्णता की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि अंडरपास बन जाने पर शहर में जाम कम होंगे, आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

error: Content is protected !!