The Voice of Bareilly since 2010

12 वर्षीय छात्रा की हत्या से सनसनी, वैर रेलवे स्टेशन के पास मिला शव; पुलिस ने शुरू की गहन जांच

bareillylive@bareillynews: बुलंदशहर। चोला थाना क्षेत्र के गांव निठारी से शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 12 वर्षीय छात्रा का शव शनिवार देर शाम ककोड़ थाना क्षेत्र स्थित वैर रेलवे स्टेशन के टिकट घर के पीछे बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान चोला थाना क्षेत्र के गांव निठारी निवासी 12 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार छात्रा शुक्रवार से लापता थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार शाम रेलवे स्टेशन के पास शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने छात्रा के साथ बर्बरता की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को देर से मिली। यदि समय रहते सूचना दी जाती या डायल 112 पर कॉल की जाती, तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकती थी। फिलहाल मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। विभिन्न पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!