Bareillylive : संस्कार भारती, बरेली महानगर ब्रज प्रांत द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्थानीय सी.एस.ए. पब्लिक स्कूल, निकट साहू राम स्वरूप डिग्री कॉलेज में “नटराज पूजन, कला गुरु सम्मान कार्यक्रम एवं कला उत्सव समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नटराज के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, माँ शारदे की वंदना एवं संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य देवेंद्र देव ने की। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री के भाई एडवोकेट अनिल सक्सेना रहे तो वहीं विशिष्ट अतिथिगण माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सौरभ अग्रवाल, साहू रामस्वरूप डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्य अनुपम मेहरोत्रा, सी. एस. ए. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य अर्चना जौहरी, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट उपमेंद्र सक्सेना, महामंत्री अशोक उप्रेती, संरक्षक हिमांशु श्रोत्रिय निष्पक्ष मंचासीन रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रख्यात कवि रोहित राकेश ने किया।
मुख्य अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही समाज को ज्ञान, संस्कार एवं संस्कृति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने संस्कार भारती द्वारा कला एवं संस्कृति के संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर चित्रकला के क्षेत्र में राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह पुंडीर तथा शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में श्री संजय सक्सेना को उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए “कला गुरु सम्मान” से विभूषित किया गया। सम्मान स्वरूप, शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह संस्कार भारती के पदाधिकारियों द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह के अंतर्गत आयोजित कला उत्सव में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का हृदय जीत लिया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, सुगम गायन, वादन, शास्त्रीय नृत्य, भरतनाट्यम सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों एवं विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। अधरम् मधुरम् नृत्य कलाकार कावेरी व आराध्या, तराना नृत्य पंडित रवि शंकर द्वारा रचित कलाकार मैत्रेयी व नाचे गिरधारी नृत्य कलाकार खुशी गुप्ता, भजन सिद्धांत श्रोत्रिय ने प्रस्तुत किया तो वहीं वान्या दीक्षित ने भजन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रांतीय कार्यकारी सदस्य डी. प्रसाद (पप्पू वर्मा) ने सभी अतिथियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कार भारती निरंतर भारतीय कला, संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष एडवोकेट उपमेंद्र सक्सेना, महामंत्री अशोक उप्रेती, संरक्षक हिमांशु श्रोत्रिय निष्पक्ष ,शुभाशीष जोशी, डॉ अखिलेश कुमार गुप्ता, रिचा जोशी, दीप शिखा सक्सेना , नीलम वर्मा, भूपेंद्र नाथ वर्मा, करुणा निधि गुप्ता, भारत सक्सेना, राजकुमार गोस्वामी, प्रवीन शर्मा, हरदयाल मौर्य, डी.सी.शर्मा, ऋषि रंजन एवं अजीत सक्सेना, आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजसेवी, साहित्यकार, शिक्षक, विद्यार्थी एवं कलाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संयोजक डी. प्रसाद उर्फ पप्पू वर्मा ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।






Leave a Reply