The Voice of Bareilly since 2010

सावन के पहले सोमवार पर अलखनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

बरेलीलाइव@बरेली। सावन माह के पहले सोमवार पर बरेली के प्रसिद्ध अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह करीब तीन बजे से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

हजारों शिवभक्त और कांवड़िये कछला गंगा से पवित्र गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शहद, बेलपत्र, भांग, धतूरा, काले तिल, फल और मिष्ठान अर्पित कर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने, पेयजल वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और समाजसेवियों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!