bareillylive@bareillynews:छात्र-छात्राओं ने पोस्टरों और तिरंगा रैली के माध्यम से दिया राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश
बरेली, 11 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के क्रम में जनपद बरेली में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय तिरंगा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं गांधी इंटर कॉलेज, शाही, तहसील मीरगंज द्वारा तिरंगा रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

विद्यालय स्तर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिताओं के उपरांत इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में माध्यमिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान की भावना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक पोस्टरों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राएं
जनपद स्तरीय तिरंगा पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज की रानी, द्वितीय पुरस्कार कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज की रहनुमा तथा तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज की पावनी खन्ना एवं इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की अमरीन अंसारी को प्रदान किया गया।
इसी क्रम में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की फलक नाज, द्वितीय पुरस्कार कांति कपूर गर्ल्स इंटर कॉलेज की हिमांशी तथा तृतीय पुरस्कार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अदीबा को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना है।
गांधी इंटर कॉलेज शाही से निकली तिरंगा रैली
इसी क्रम में गांधी इंटर कॉलेज, शाही, तहसील मीरगंज द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली को माननीय विधायक मीरगंज श्री डी.सी. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा रैली में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाएं।






Leave a Reply