The Voice of Bareilly since 2010

पीस कमेटी ऑफ इंडिया ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, जल-फल वितरित कर दिया भाईचारे का संदेश

bareillylive@bareillynews:बरेली। पीस कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से गुरुवार को पुराना शहर स्थित बाबा बनखंडी नाथ मंदिर के समीप कांवड़ यात्रियों के स्वागत में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया तथा शीतल जल, फल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

यह आयोजन पीस कमेटी ऑफ इंडिया के संरक्षक संजीव शर्मा उर्फ दादा और जनार्दन आचार्य के आशीर्वाद में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं कांवड़ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और उन्हें जल एवं फल वितरित किए।

नदीम इकबाल ने कहा कि पीस कमेटी ऑफ इंडिया हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की सेवा करती है। इस वर्ष भी कांवड़ियों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर स्वागत शिविर और मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में भाईचारा, आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पीस कमेटी की इस पहल की सराहना की। कांवड़ यात्रियों ने सेवा कार्यों के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह तथा नवादा चौकी प्रभारी कुशल पाल अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में इसी तरह सेवा कार्य जारी रखने और श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!