Bareillylive: बरेली के गांधीपुरम स्थित पॉपिन्स प्ले किंडरगार्डन एवं डे-केयर सेंटर में विद्यालय का चौथा वार्षिकोत्सव और शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ पार्थिव शिवलिंग पूजन से हुई, जिसने आयोजन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
मुख्य अतिथि के रूप में वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना हुए शामिल:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदरणीय श्री अरुण कुमार सक्सेना रहे। उनके गरिमामयी सानिध्य से कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने उपस्थित होकर विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन किया।
बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधी सबकी नज़रें:
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा किए गए नृत्य, गीत और नाटिका प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न से किया गया सम्मान:
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सोनम सक्सेना द्वारा विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं को उनके समर्पण, परिश्रम एवं शिक्षा के प्रति योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को विद्यालय की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
निदेशक धनंजय सक्सेना ने व्यक्त किया आभार:
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर धनंजय सक्सेना ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी अतिथियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यालय के चतुर्थ वार्षिकोत्सव को यादगार बना दिया। इस अवसर पर पधारे अतिथियों एवं सहयोगी अभिभावकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार अपना स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद बनाए रखने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम के इस सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावकगण एवं विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।






Leave a Reply