The Voice of Bareilly since 2010

उर्स-ए-आला हज़रत की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए सुरक्षा और व्यवस्था के निर्देश


bareillylive@bareillynews:चार सुपर जोन, आठ जोन और 29 सेक्टर बनाए गए, एम्बुलेंस, मेडिकल कैंप, रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था रहेगी दुरुस्त

बरेली। 108वें उर्स-ए-आला हज़रत के शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन को लेकर बुधवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में 6, 7 और 8 अगस्त को होने वाले उर्स के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद को चार सुपर जोन, आठ जोन और 29 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

डीएम ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थानों पर 108 एम्बुलेंस, चिकित्सा शिविर और विद्युत विभाग के सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जनपद की गंगा-जमुनी तहज़ीब को बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल में आयोजन संपन्न कराने पर जोर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि इस वर्ष उर्स का आयोजन श्रावण मास में हो रहा है, जिससे पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की जहां ड्यूटी थी, उन्हें यथासंभव उसी स्थान पर तैनात किया गया है, ताकि अनुभव का बेहतर उपयोग हो सके।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि 13 घंटे की ड्यूटी के दौरान शिफ्ट परिवर्तन में किसी प्रकार का गैप नहीं होना चाहिए। सभी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी क्षेत्र के आसपास मिश्रित आबादी और धार्मिक स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्काई वॉक पर किसी भी व्यक्ति को चढ़ने की अनुमति न दी जाए।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने जोनवार ड्यूटी की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने बताया कि उर्स के दौरान रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। उर्स का आयोजन इस्लामिया ग्राउंड, आला हज़रत दरगाह और मथुरापुर में होगा।

पुलिस अधीक्षक नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने निर्देश दिए कि मिनी बाईपास के झुमका तिराहे तक किसी भी प्रकार की पार्किंग न होने दी जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने कहा कि उर्स के दौरान कुतुबखाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए, क्योंकि ई-रिक्शों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर इशिता किशोर सहित पुलिस एवं प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

bareillylive@bareillynews:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!