bareillylive@bareillynews:डीएम अविनाश सिंह ने कान्हा उपवन गौशाला का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
बरेली, 4 सितंबर। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बरेली जनपद में गौसेवा और गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों ने विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण कर गो पूजन किया। अधिकारियों ने गोवंश को गुड़ आदि खिलाकर उनकी सेवा की और गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सीबीगंज के ग्राम नदौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंश की संख्या, रख-रखाव, चारा, पेयजल, साफ-सफाई तथा उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
चारा-पानी और उपचार व्यवस्था मिली दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि गौशाला में गोवंश के लिए चारा, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था उचित है। बीमार एवं अशक्त गोवंश के उपचार के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
डीएम ने गौशाला संचालक एवं प्रभारी को निर्देश दिए कि गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी, स्वच्छता और नियमित पशु चिकित्सा सुविधा हर हाल में उपलब्ध रहे। उन्होंने गोवंश के संरक्षण और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही गौशाला में अतिरिक्त शेड का निर्माण कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि गोवंश को बेहतर आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
डीएम ने गोसेवा के लिए दिए 51 हजार रुपये
जन्माष्टमी के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गौशाला में गोसेवा के लिए 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाएं सप्ताह में एक दिन स्वेच्छा से गौशालाओं में पहुंचकर दान देकर गोवंश की सेवा में सहयोग कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जनसहयोग से गौशालाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य गोवंश के बेहतर संरक्षण, भरण-पोषण और देखभाल को सुनिश्चित करना है।
विभिन्न गौशालाओं में अधिकारियों ने किया गो पूजन
जन्माष्टमी के अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गौशालाओं में पहुंचकर विधिवत गो पूजन किया। अधिकारियों ने गोवंश को गुड़ आदि खिलाकर गोसेवा का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, गौशाला संचालक/प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a Reply