नर्सिंग सेवा के साथ संवेदनशीलता, अनुशासन और व्यावहारिक दक्षता जरूरी: रोहन बंसल
बरैली@bareillylive;रिठौरा। राजश्री कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल में जीएनएम पाठ्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीएनएम पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों, व्यावहारिक एवं क्लीनिकल प्रशिक्षण, नर्सिंग सेवाओं तथा संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण व्यवस्था से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के प्रबंध निदेशक इं. रोहन बंसल ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा-भाव से जुड़ा क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ संवेदनशीलता, धैर्य, अनुशासन, सतर्कता और मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार का विशेष महत्व है।
उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ क्लीनिकल एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा के दौरान प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ना विद्यार्थियों की पेशेवर दक्षता के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शिक्षकों एवं स्टाफ ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। विद्यार्थियों को नर्सिंग प्रोफेशन की जिम्मेदारियों, मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में नर्स की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान अनुशासन, समय प्रबंधन, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा तथा चिकित्सकीय टीम के साथ प्रभावी समन्वय जैसे विषयों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी नवप्रवेशित जीएनएम छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या प्रो. लथा पी. सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।






Leave a Reply