Bareillylive : राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संस्थान के तत्वावधान में रविवार को अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के सभागार में मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, प्रमाणपत्र, मेडल और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा थे, जबकि अध्यक्षता महामंडलेश्वर श्री शिवानन्द जी महाराज ने की। विशिष्ट अतिथियों में पुष्पा पाण्डेय, पवन मिश्रा, डॉ. दीपशिखा जोशी, रंजीत वशिष्ठ, बनवारी पाठक, नीलिमा पाठक तथा दीपक पाण्डेय शामिल रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र परिश्रम है। उन्होंने छात्रों से समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि देश सेवा सर्वोपरि है। अध्यक्षीय उद्बोधन में महामंडलेश्वर शिवानन्द जी महाराज ने विद्यार्थियों को संस्कारों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छे संस्कार और कर्मशीलता आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कर्म ही पूजा है।
महिला आयोग सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी एकाग्रता के साथ उसे प्राप्त करने का संदेश दिया। पवन मिश्रा ने युवाओं से अपनी योग्यता, परिश्रम और कर्मठता पर विश्वास रखने की अपील की। रंजीत वशिष्ठ ने कहा कि ईमानदारी से किया गया परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाता और युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. दीपशिखा जोशी और दीपक पाण्डेय ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलिमा पाठक ने संस्थान द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह का संचालन जिला सेवक शिवलेश चन्द्र पाण्डेय और राष्ट्रीय महामंत्री नितिन शर्मा ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विपिन शर्मा सोनू सहित अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर कई अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत भी किया गया।






Leave a Reply