बरेली विकास प्राधिकरण की नीलामी में रिकॉर्ड: 283 आवेदक, ₹125 करोड़ राजस्व

bareillylive@रामगंगा नगर एवं ग्रेटर बरेली आवासीय योजना

@Bareillylive: बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने रामगंगा नगर एवं ग्रेटर बरेली आवासीय योजना की संपत्तियों की निविदा-सह-नीलामी के माध्यम से नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस नीलामी में रिकॉर्ड 283 आवेदकों ने भाग लिया और 106 भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को लगभग ₹125 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। नीलामी 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे प्रारंभ हुई और आवेदकों की भारी प्रतिस्पर्धा के चलते यह लगभग 16 घंटे चलती रही। यह नीलामी 4 नवंबर की सुबह 04:30 बजे संपन्न हुई।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इस नीलामी में कुल 438 भूखंड रखे गए थे, जिनमें 371 व्यावसायिक और 67 आवासीय भूखंड शामिल थे। इनके लिए आवासीय श्रेणी में 172 तथा व्यावसायिक श्रेणी में 111 आवेदकों ने प्रतिभाग किया। आवेदकों की अभूतपूर्व रुचि और कड़ी बोली प्रतिस्पर्धा ने इस नीलामी को बीडीए के इतिहास में एक विशेष उपलब्धि बना दिया।

बीडीए उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय (आईएएस) के निर्देशन में आयोजित इस नीलामी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। उपाध्यक्ष स्वयं देर रात तक उपस्थित रहीं और समस्त अधिकारियों के सहयोग से नीलामी की कार्यवाही पूर्ण कराई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुनियोजित शहरी विकास और निवेश-अनुकूल वातावरण बनाने के विजन को इस सफलता से नई गति मिली है। उनके अनुसार रिकॉर्ड भागीदारी और ₹125 करोड़ का राजस्व आमजन के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

प्राधिकरण ने बताया कि सफल आवंटियों को आवंटन पत्र जारी करने सहित आगे की समस्त कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएगी। प्राप्त राजस्व का उपयोग बरेली के सुनियोजित शहरी विकास में किया जाएगा।

इन योजनाओं की सबसे बड़ी खासियत बेहतर कनेक्टिविटी है। रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली योजनाएं बरेली-बीसलपुर मार्ग तथा दिल्ली-लखनऊ हाईवे के निकट स्थित हैं। इन योजनाओं से रेलवे स्टेशन, सैटेलाइट बस स्टेशन और एयरपोर्ट लगभग 10 से 20 मिनट की दूरी पर हैं। योजनाओं में 45, 30 और 18 मीटर चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत लाइन, पार्क तथा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित हैं।

आवंटियों के लिए भुगतान में भी राहत दी गई है। किस्तों में भुगतान की सुविधा के अलावा एकमुश्त भुगतान पर छूट का लाभ भी उपलब्ध होगा। 45 दिनों में भुगतान करने पर 06 प्रतिशत, 60 दिनों में भुगतान पर 05 प्रतिशत और 90 दिनों में भुगतान करने पर 04 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

बीडीए की यह ऐतिहासिक नीलामी बरेली को आधुनिक, सुव्यवस्थित और निवेश-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मंडलायुक्त शंभू कुमार (आईएएस) की प्रेरणा और उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के निर्देशन में संपन्न इस नीलामी ने प्रदेश के शहरी विकास कार्यक्रमों को नई मजबूती दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!