The Voice of Bareilly since 2010

सुदामा चरित्र के साथ श्री हरि मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का विश्राम

सुदामा चरित्र के साथ श्री हरि मंदिर

bareillylive@bareillynews:बरेली। श्री हरि मंदिर मॉडल टाउन में चल रहे 66वें विराट भक्ति वार्षिक महोत्सव के तहत शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा का सप्तम एवं विश्राम दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। कथा से पहले विद्वान ब्राह्मणों ने नवग्रह और श्रीमद्भागवत जी का विधिवत पूजन कराया। इसके बाद पठानकोट से पधारे कथा व्यास श्री अतुल कृष्ण महाराज ने सुदामा चरित्र और भगवान के 24 अवतारों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

महाराज ने कहा कि सुदामा चरित्र भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की मित्रता, सुदामा की दीन अवस्था और भगवान की उदारता का अनुपम उदाहरण है। पत्नी के आग्रह पर सुदामा श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे। उनके पास भेंट के नाम पर केवल चिवड़ा था। द्वारपाल ने जब श्रीकृष्ण को बताया कि फटे-पुराने वस्त्रों में एक दीन व्यक्ति स्वयं को सुदामा बता रहा है, तो भगवान श्रीकृष्ण सिंहासन छोड़कर उनसे मिलने दौड़ पड़े।

श्रीकृष्ण ने सुदामा को गले लगाया और उन्हें अपने सिंहासन पर बैठाया। मित्र की दीन दशा देखकर भगवान भावुक हो उठे और अपने अश्रुओं से उनके चरण धोए। महाराज ने कहा कि भगवान भक्त के भाव के भूखे हैं। सच्चे मन से किया गया भजन और स्मरण भगवान को प्रिय है। भगवान और भक्त का संबंध प्रेम और समर्पण का संबंध है।

कथा व्यास ने कहा कि सच्चा मित्र वही है जो बिना कहे अपने मित्र के मन की बात और उसकी परिस्थिति को समझे तथा जरूरत के समय उसके साथ खड़ा रहे। श्रीकृष्ण ने सुदामा के साथ मित्रता धर्म निभाते हुए बिना कुछ कहे उनकी सारी पीड़ा समझ ली। सुदामा चरित्र हमें सिखाता है कि सच्ची मित्रता में स्वार्थ नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग और संवेदना होती है।

कल से भजन संध्याओं का दौर

मंदिर के सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि रविवार से देश के विभिन्न क्षेत्रों से भजनीक श्री हरि मंदिर पहुंचकर जुगल जोड़ी सरकार के श्रीचरणों में अपनी हाजिरी लगाएंगे। रविवार को भजन संध्या जयपुर से पधारे श्री गिरिराज जी महाराज के सानिध्य में होगी। कार्यक्रम शाम आठ बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।

कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, अतुल कपूर, सतेंद्र इलावादी, गिरीश आनंद, संजय मेहरोत्रा, संजीव अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कथा के यजमान रजनी सेठ और राजेश अरोड़ा भी उपस्थित रहे।

महिला सेवा समिति की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा, उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा, नीलम साहनी, नीलम लुनियाल, नेहा आनंद, सीमा तनेजा, सोनिया अतुल कपूर, नीलम ओबेरॉय, संगीता लूथरा, बाला साहनी, चांद खुराना, सुनीता समेत बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भागवत जी की आरती उतारी। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!