bareillylive@bareillynews:बरेली। शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बरेली श्री ने सोमवार को विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी के नेतृत्व में रोटरी सदस्यों ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।
अभियान के दौरान सदस्यों ने श्री त्रिवटीनाथ मंदिर, रामपुर गार्डन, गीता पैलेस और सेटेलाइट बस स्टैंड समेत अन्य स्थानों पर लोगों से संवाद किया। इस दौरान नशे से होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया गया।
नशे के खिलाफ जनआंदोलन की जरूरत
क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प से जुड़ना चाहिए। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं तो इसे एक मजबूत जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
क्लब सचिव विकास बंसल ने जागरूकता संदेश देते हुए कहा, “नशा नाश की जड़ है भाई, इससे दूरी में ही है भलाई।” वहीं नितिन सेहता ने लोगों से अपील की कि जीवन बेहद अनमोल है, इसलिए इसे नशे में न गंवाएं और स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की नींव रखें।
‘नशा मुक्त भारत’ का दिया संदेश
गोविंद टिकियानी और शुभम सिंघल ने संयुक्त रूप से लोगों को संदेश देते हुए कहा कि देश को नशे से बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने ‘नशा मुक्त भारत’ को अपना सामूहिक संकल्प बनाने की अपील की।
रोटरी क्लब के सदस्यों ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार और मित्रों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
रोटरी सदस्यों का रहा सहयोग
जनजागरूकता अभियान में क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी के साथ गोविंद टिकियानी, प्रदीप गुरनानी, नितिन सेहता, विकास बंसल, शुभम सिंघल, संदीप अग्रवाल, नवनीत अग्रवाल, साकेत सुधांशु शर्मा, अनुज शर्मा, विकास अग्रवाल, मयूरेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अमित अग्रवाल, विभु अग्रवाल, चित्रेश खंडेलवाल और पुनीत गोयल सहित अन्य रोटरी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।






Leave a Reply