bareillylive@bareillynews:बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र की तिलक कॉलोनी में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुत्तों के झुंड के चलते कॉलोनी में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। सुबह और रात के समय लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।
हरी शंकर ने पत्र में बताया कि तिलक कॉलोनी में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है। कुत्तों के झुंड राहगीरों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे कभी भी अप्रिय घटना होने की आशंका बनी रहती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर स्थानीय लोग अधिक चिंतित हैं।
उन्होंने नगर आयुक्त से मांग की कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए तिलक कॉलोनी में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़वाया जाए। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम स्तर से आवश्यक कदम उठाए जाएं।
परिषद ने उम्मीद जताई कि नगर निगम मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करेगा। इससे कॉलोनी के लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत मिलने के साथ ही उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।






Leave a Reply