bareillylive@bareillynews:बरेली। मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, समाज कल्याण, श्रम, निर्माण कार्य, कर-करेत्तर और सीएम डैशबोर्ड समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा से हुई। मंडलायुक्त ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री से छूटे किसानों को चिह्नित कर अभियान चलाकर पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को फर्टिलाइजर की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद की कमी और ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
कुपोषित बच्चों की फीडिंग में सुधार के निर्देश
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में सामने आया कि बदायूं में अति कुपोषित से कुपोषित श्रेणी में आने वाले बच्चों की फीडिंग की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सड़क पर घूम रहे गोवंश को कराया जाए संरक्षित
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने सहभागिता योजना के तहत अधिक से अधिक पशुओं को लोगों को पालने के लिए उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सड़क पर घूमने वाले गोवंश को अभियान चलाकर संरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि इनके कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
गौशालाओं के निर्माण की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने वर्षा के दौरान जलभराव वाली गौशालाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
स्कूलों से गुजर रही बिजली लाइन का होगा सत्यापन
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने कहा कि जिन विद्यालयों से विद्युत लाइन गुजर रही है, उनका सत्यापन कराया जाए। इसके बाद विद्युत विभाग से लाइन शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जाए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत पूर्ण होने वाले कार्यों की पहले और बाद की तस्वीरें लेकर सफलता की कहानी तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में बदायूं के बालिका छात्रावासों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। पीलीभीत के शैक्षणिक संस्थानों में गैस सिलेंडर की समस्या का संज्ञान लेते हुए इसमें सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं, अटल आवासीय विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने को कहा गया।
स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता शत-प्रतिशत रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बदायूं में 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पंचायत सचिवों और कोटेदारों के सहयोग से अभियान चलाने को कहा। साथ ही योजना का लगातार प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों में बच्चों को डेंगू और मलेरिया से बचाव की जानकारी देने तथा गांवों में जागरूकता शिविर आयोजित कराने को कहा।
स्वाइन फ्लू के लिए अस्पतालों में बनेगा अतिरिक्त वार्ड
मंडलायुक्त ने कहा कि वर्तमान में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के लिए एक अतिरिक्त वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष नजर
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों से नियमित बैठक और योजनाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड मुख्यमंत्री की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
निर्माण कार्यों की समीक्षा में उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को अधूरे कार्य जल्द पूरा कर संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब और बसों के संचालन पर अभियान चलाने के निर्देश
कर-करेत्तर की समीक्षा में विद्युत, स्टांप एवं पंजीकरण, आबकारी, परिवहन और राजस्व वादों के निस्तारण समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अवैध शराब बनाए जाने की शिकायतें अधिक हैं, वहां अभियान चलाकर अवैध शराब नष्ट कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
परिवहन अधिकारियों को अवैध बसों के संचालन वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर ऐसे वाहनों का संचालन बंद कराने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस शिकायतकर्ता से लिया जाए फीडबैक
मंडलायुक्त ने आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर यह जानकारी लेने के निर्देश दिए कि वह निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक बेहतर करने के लिए इस प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण सौम्या पांडे, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी पीलीभीत सतीश प्रताप मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी शाहजहांपुर उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी बदायूं गरिमा सिंगला, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a Reply