दुष्कर्म के आरोपी ने किया आत्महत्या का प्रयास, हालत नाजुक

bareilly news

भमोरा (बरेली)। भमोरा क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसने सुसाइड नोट में एक युवती और उसकी मां समेत कुछ लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

क्षेत्र के एक गांव निवासी इस युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की मां ने बीती 16 मई को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर युवक पर अपनी बेटी से दुष्कर्म करने की शिकायत की। उसने कहा कि महिला और उसका पति जब खेत पर गये हुए थे तो घर पर उसकी अकेली बेटी से युवक ने दुष्कर्म किया। मामला थाना भमोरा पहुंचा तो थाना पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया।

बताते हैं इन आरोपों से युवक इतना परेशान हो गया कि शनिवार को उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसने सुसाईड नोट भी लिखा है जिसमें युवती की मां समेत कुछ लोगों द्वारा उसे झूठे मुकदमे मे फंसाये जाने की बात कही है।

थानाध्यक्ष भमोरा एसओ भमोरा सौरभ सिंह ने बताया मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है। अभी युवक के पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!