bareillylive@bareillynews:सहायक सचिव के सेवानिवृत्त होने पर भावुक हुए सहकर्मी, स्मृति चिह्न और उपहार देकर दी शुभकामनाएं
बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को उस समय माहौल भावुक हो गया, जब सहायक सचिव सुरेंद्र नाथ मिश्रा 35 वर्षों की बेदाग सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदार कार्यशैली की जमकर सराहना की।
सुरेंद्र नाथ मिश्रा वर्ष 1991 में सेवा में आए थे। बरेली क्षेत्रीय कार्यालय में सहायक सचिव का पद संभालने से पहले उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर में प्रधानाचार्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में आयोजित विदाई समारोह में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी राय, नईम अहमद, संजय गुप्ता, रजनीश कुमार और हरिवंश किशोर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में सुरेंद्र नाथ मिश्रा की पत्नी उषा मिश्रा भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सुरेंद्र नाथ मिश्रा की कार्यशैली और व्यवहार हमेशा सहकर्मियों के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने अपने सेवाकाल में ईमानदारी और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी बेदाग छवि और सरल स्वभाव के कारण वह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हमेशा सम्मानित रहे।
इस दौरान सहकर्मियों ने उन्हें स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
समारोह के समापन पर सुरेंद्र नाथ मिश्रा को बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के साथ पूरे सम्मान से विदाई दी गई। इस भावुक पल में सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं। लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहयोगियों ने उनके योगदान और यादों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






Leave a Reply