The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

bareillylive@bareillynews:जनपद की समस्त तहसीलों में लगे कांवड़ सेवा शिविरों में भंडारों का किया जाएगा आयोजन

बरेली। जनपद में कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

कांवड़ यात्रियों के लिए जनपद की समस्त तहसीलों में कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए है जहाँ काँवरियो की सुविधा और आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा गया है। जहाँ मेडिकल कैंप, शौचालय, मोबाईल चार्जिंग की सुविधा, भोजन, फ़लाहार, विश्राम स्थल तथा महिला काँवरियो के लिए अलग से विश्राम स्थल और शौचालय आदि की व्यवस्था की गयी है।

जनपद की समस्त तहसीलों में जिला प्रशासन की ओर से भंडारों का आयोजन किया जाएगा। तहसील बहेड़ी में मुड़िया टोल के निकट, तहसील सदर में परशुराम मंदिर लाल फाटक के निकट, तहसील फरीदपुर में ग्राम देवरनियां बुखारा रोड पर, तहसील आंवला में भमौरा, तहसील मीरगंज में कुलचा खुर्द तथा तहसील नवाबगंज में उपमंडी स्थल पर कावड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं

\जहाँ कल दिनांक 9 अगस्त दिन रविवार को भंडारो का आयोजन किया जाएगा तथा तहसील आंवला और तहसील नवाबगंज में आयोजित कांवड़ शिविरों में कांवड़ यात्रियों के लिए दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सायंकाल भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। शिविरों में यात्रियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, स्नान की व्यवस्था तथा महिला एवं पुरुष कांवड़ यात्रियों के लिए अलग-अलग शयन व्यवस्था एवं बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

कांवड़ शिविरों में मेडिकल सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं। यात्रा मार्गों एवं कांवड़ शिविरों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं।


जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा समन्वय के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।

जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा यात्रा के दौरान अनुशासन एवं शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!