The Voice of Bareilly since 2010

जिलाधिकारी ने लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने किया हनुमान मंदिर

bareillylive@bareillynews:निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, गुणवत्ता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रामगंगा चौबारी स्थित प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान जी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर मंदिर परिसर में कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धापूर्वक दर्शन किए तथा जनपद की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मल्टीपरपज हॉल, शौचालय, इंटरलॉकिंग, बैठने के लिए बेंच, पौधरोपण तथा बोरिंग सहित विभिन्न कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त मंदिर के प्रवेश द्वार के निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में शेष कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के रूप में मिलना चाहिए।

उन्होंने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुगम आवागमन को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान मंदिर के पुजारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!