The Voice of Bareilly since 2010

9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘#हर घर तिरंगा’ अभियान, वंदे मातरम् की 150वीं जयंती को समर्पित होगा आयोजन

bareillyliv@bareillynews:बरेली। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद बरेली में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि इस वर्ष का अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के स्मरणोत्सव को समर्पित रहेगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस पर सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यक्रमों में ध्वजारोहण के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी कराया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारिक संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकारी एवं निजी संस्थानों तथा आम नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की है।

डिजिटल अभियान के तहत नागरिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ गायन से संबंधित फोटो एवं वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इसके लिए जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें और स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों तथा राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पूरे उत्साह और सम्मान के साथ इसमें सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!