The Voice of Bareilly since 2010

शिकायत के अगले दिन जेसीबी से हुई नाले की सफाई, अतिक्रमण भी हटाया

शिकायत के अगले दिन जेसीबी से हुई नाले की सफाई, अतिक्रमण भी हटाया

bareillylive@bareillynews:फतेहगंज पश्चिमी। तहसील मीरगंज में आयोजित समाधान दिवस में नाले की सफाई को लेकर की गई शिकायत पर प्रशासन ने अगले ही दिन कार्रवाई करते हुए नाले की जेसीबी से सफाई कराई। साथ ही नाले पर बनी अवैध संरचनाओं को भी हटवाया गया।

एडवोकेट नवीन कुमार ने समाधान दिवस में नाले की सफाई को लेकर शिकायत की थी। बुधवार दोपहर नायब तहसीलदार सिमरन मैथानिया, लेखपाल आदित्य गंगवार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जेसीबी मशीन से नाले में जमा गंदगी और सिल्ट हटवाई।

नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से नाले की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित थी। इससे आसपास के लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सफाई अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने मेघा हॉस्पिटल के पास नाले पर बनी दीवार और लगाए गए लोहे के जाल को भी हटवा दिया।

अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने कहा कि समय रहते नाले की सफाई होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!