The Voice of Bareilly since 2010

उपाध्यक्ष, बरेली विकास प्राधिकरण ने रामगंगा नगर व ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं का किया व्यापक निरीक्षण

Bareillylive: उपाध्यक्ष, बरेली विकास प्राधिकरण ने रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना सहित प्राधिकरण के विभिन्न विकास एवं अवस्थापना कार्यों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़कों, नालियों, सीवर, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, विद्युत व्यवस्था, पार्क, सार्वजनिक भवन, 33 केवी विद्युत उपकेंद्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लाइब्रेरी, कन्वेंशन हॉल और अन्य नागरिक सुविधाओं की कार्यशीलता का बेहतरीन ढंग से मूल्यांकन किया गया।

जहाँ भी किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी या अनुरक्षण संबंधी समस्या पाई गई, संबंधित अधिकारियों को तत्काल और समयबद्ध सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष महोदया ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण के द्वारा किए गए सभी निर्माण कार्य निर्धारित दो वर्ष की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि के अंतर्गत आते हैं। इस अवधि में यदि धंसाव, टूट-फूट, दरार, रिसाव या किसी भी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी कमी मिलती है, तो संबंधित ठेकेदारों को अपने खर्च पर तुरंत सुधार कार्य कराना अनिवार्य होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार कार्य में लापरवाही या विलंब पाया गया तो नियमानुसार संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नोटिस जारी कर सुरक्षा निधि में कटौती, आर्थिक दंड, ब्लैकलिस्टिंग और अनुबंध समाप्ति सहित कठोर वैधानिक व संविदात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आवंटियों की सुविधा और योजनाओं में नेविगेशन को सरल बनाने के दृष्टिकोण से उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के विभिन्न सेक्टरों, प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण चौराहों पर शीघ्र ही दिशासूचक (साईनेज) बोर्ड स्थापित किए जाएँ।

इन साईनेज बोर्डों से आवंटियों एवं आगंतुकों को अपने प्लॉट, सेक्टर, मार्ग और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा योजनाओं में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित होगा।

उपाध्यक्ष महोदया ने कहा कि बरेली विकास प्राधिकरण का लक्ष्य केवल उच्च गुणवत्ता के विकास कार्य करना नहीं, बल्कि आवंटियों व नागरिकों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना भी है।

इस उद्देश्य के अनुरूप अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नियमित अनुरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्राधिकरण लगातार आवश्यक कार्य कर रहा है और आवश्यक निर्देशों का पालन कराकर शीघ्र सुधार सुनिश्चित कराए जाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!